
एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन के निर्देशानुसार अल्पसंख्यक कांग्रेस दंतेवाड़ा के जिलाध्यक्ष आशिफ़ रज़ा ने बयान जारी कर कहा है कि BJP सरकार रमजान जैसे पवित्र महीने को लेकर गंभीर नहीं है और मुस्लिम समाज के साथ दोहरी नीति अपनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार से जुड़े वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज द्वारा अपने लेटरहेड से यह प्रचार किया जाता है कि रमजान के महीने में मुस्लिम कर्मचारियों को 1 घंटा पहले छुट्टी देने का निर्णय लिया गया है और इसके लिए सरकार को बधाई दी जा रही है।

वहीं दूसरी ओर अल्पसंख्यक विभाग द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया जाता है कि सरकार ने ऐसी कोई छूट या आदेश जारी नहीं किया है। यह विरोधाभास सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
आशिफ़ रज़ा ने कहा कि रोज़ा रखने वाले मुस्लिम कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का मज़ाक करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे यह साफ़ होता है कि सरकार मुस्लिम समाज को लेकर संवेदनशील नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी S.I.R. के नाम पर बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश की गई थी, जो सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।
अल्पसंख्यक कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि रमजान के महीने को लेकर स्पष्ट आदेश जारी किया जाए, भ्रम की स्थिति समाप्त की जाए तथा रोज़ेदार कर्मचारियों को राहत देने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए।



