Home छत्तीसगढ़ महासमुंद की सड़को पर अब नजर नहीं बुलू, 50 वर्ष की उम्र...

महासमुंद की सड़को पर अब नजर नहीं बुलू, 50 वर्ष की उम्र हुआ निधन

0

महासमुंद: अपनी अनूठी जीवनशैली से महासमुंद शहर में करीब 25 सालो से अपनी अलग ही पहचान बना चुके मोबाईल सांग मैन 50 वर्षीय चिंतामणी चंद्राकर (बुलु भाई) शुक्रवार को शहर को अलविदा कहकर चले गए। वजनदार जूते और ढीली शर्ट व जींस पेंट पहनकर जेब में टेपरिकार्डर से मौसमी गाने स्वंय सुनते और राहगीरों को सुनाते हुए सड़क पर सुबह-शाम शहर में घूमकर बुलु भाई के नाम से अपनी अलग पहचान बना चुके चिंतामणी चंद्राकर का शुक्रवार को मुख्यालय से लगे ग्राम खट्टी के तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। उनके निधन की खबर से शहर में शोक का माहौल रहा। बुलु की मौत कैसे हुई यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रथम दृष्टया शरीर में पानी की कमी से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। शहरवासियों को सड़कों पर अब वह मधुर संगीत और वह मुस्कुराता चेहरा नजर नहीं आएगा। मोबाईल सांग मैन भले ही खामोश हो गए हों, पर उनकी यादें शहरवासियों के जेहन में हमेशा रहेंगी।

हजारों गानों का संग्रह और ‘विदेशी’ स्टाइल
6 फीट ऊंचे कद वाले चिंतामणी का अंदाज किसी फिल्मी सितारे से कम नहीं था। वे अपने पास हमेशा 3 रेडियो रखते थे, जिन्हें उन्होंने खुद जुगाड़ से तैयार किया था। उनके पास 1932 से लेकर 1990 तक के बॉलीवुड गीतो का 5000 से ज्यादा का संग्रह था। किशोर कुमार, मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर के गीतों के वे प्रेमी थे और उनके जन्मदिन या पुण्यतिथि पर विशेष गीत बजाकर उन्हें याद करते थे।

लंबा और वजनदार जूता था पहचान
चिंतामणी (बुलु) अपने पहनावे को लेकर बेहद संजीदा थे। उनके पास 1 फीट लंबा और 11 इंच चौड़ा जूता था, जिसे उन्होंने विशेष तौर पर ऑर्डर देकर बनवाया था। इस जूते के सोल को उन्होंने ट्रक के टायर से तैयार कराया था। जब वे इन जूतों को पहनकर जेब में रेडियो बजाते हुए निकलते थे, तो लोग उन्हें देखते ही रह जाते थे।

बॉलीवुड में एक्टर बनने का था सपना
सिनेमा के प्रति उनकी दीवानगी ऐसी थी कि 1995 में वे अभिनेता बनने का सपना लेकर मुंबई भी गए थे। वहां बड़े निर्देशकों को ऑडिशन दिए, पर बायोडाटा की कमी के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। भले ही उन्हें बड़े पर्दे पर जगह नहीं मिली, पर उन्होंने महासमुंद की सड़कों को ही अपना मंच बना लिया और एक ऐसी पहचान बनाई कि आज वे सोशल मीडिया (यूट्यूब, इंस्टाग्राम) पर भी मशहूर थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here