एमसीबी: जिले की महिला उद्यमियों को डिजिटल तकनीक से जोड़कर उनके उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाने और व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवा बिहान क्लस्टर में वर्कशॉप ऑन डिजिटल लिटरेसी (WDL) का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों तथा महिला संचालित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग एवं बाजार विकास संबंधी व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ पीआरपी सुश्री वसुंधरा यादव ने किया। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं सामुदायिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में महिलाओं को तकनीकी ज्ञान एवं विपणन कौशल से लैस करना समय की आवश्यकता है, जिससे वे अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंच सकें।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को महिला उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंट योजनाओं, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मेलो तथा प्रदर्शनियों में भागीदारी की प्रक्रिया, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एंड लेबलिंग, गुणवत्ता प्रमाणन, बी-टू-बी एवं बी-टू-सी मार्केट लिंकेज, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से विपणन तथा विभिन्न सरकारी सहायता एवं अनुदान योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
विशेषज्ञों ने सफल महिला उद्यमियों के प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए व्यवसाय विस्तार, ग्राहक नेटवर्क विकसित करने तथा डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यावहारिक सुझाव साझा किए। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें अपने उद्यम के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने हेतु मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 30 महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधियों एवं महिला संचालित एमएसएमई इकाइयों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में एएफसी इंडिया लिमिटेड के आशीष सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह आयोजन RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत CSIDC एवं AFC इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।



