
कोरिया :रैम्प योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से ‘इंडस्ट्री और बैंकर्स मीट’ का आयोजन बैकुण्ठपुर में किया गया।
कार्यक्रम कलेक्टर जिला कोरिया के मार्गदर्शन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री विनय टेगर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शारदा गुप्ता, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि, जिले के उद्योगपति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
महाप्रबंधक श्री विनय टेगर ने रैम्प योजना एवं कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 तथा नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 की विस्तृत जानकारी चार्टर्ड अकाउंटेंट अरिहंत बोथरा द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 पूर्ववर्ती नीतियों की तुलना में अधिक प्रोत्साहन और सुविधाएं प्रदान करती है।
विभागीय स्वरोजगार योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम।एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के बारे में सहायक प्रबंधक श्री देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने विस्तार से जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने उद्यम स्थापना हेतु ऋण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाप्रबंधक श्री टेगर ने उद्यमियों को ऋण स्वीकृति में आने वाली समस्याओं पर चर्चा करते हुए बैंक अधिकारियों से लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण का अनुरोध किया। प्रबंधक श्री शिवनाथ सिंह खुशराम ने पीएएसएमई योजना के अंतर्गत जिले को प्राप्त लक्ष्य एवं प्रगति की जानकारी दी तथा अधिकाधिक आवेदन प्रस्तुत करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने ऋण प्रक्रिया से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनका समाधान बैंक प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शारदा गुप्ता ने जिले में संभावित उद्योगों एवं उद्यमियों की चुनौतियों पर विचार रखे, वहीं उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं तथा जिले में औद्योगिक पार्क की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। अंत में महाप्रबंधक श्री विनय टेगर ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।



