
सुरेश मिनोचा एमसीबी/ खड़गवां/ : “छत्तीसगढ़ की पहचान उसके अन्नदाता किसान हैं। उनकी समृद्धि और सम्मान हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली से पहले किसानों के खातों में राशि अंतरित कर हमने अपना वादा निभाया है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास का सम्मान है। यह बात प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़गवां विकासखंड में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह सह किसान सम्मेलन में कही। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, जनपद सदस्य श्याम बाई मरकाम, वीरेन्द्र करियाम, धर्मपाल, रामप्रसाद गुप्ता, धनंजय पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।

राज्य स्तर से राशि जारी
प्रदेश सरकार ने होली पर्व से पूर्व राज्य के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान से आयोजित किसान सम्मेलन के माध्यम से राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को राशि जारी की। इसी क्रम में एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां विकासखंडों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाभान्वित किया गया।
खड़गवां क्षेत्र को 18.50 करोड़ से ज्यादा की सहायता
एमसीबी जिले के खड़गवां सीएचसी से कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण सह – किसान सम्मेलन में अकेले खड़गवां विकासखंड के किसानों को ही 185088907.60 की राशि अंतरित की गई। जिसमें खड़गवां के कुल कृषक 2987 को 162013.60 खरीदी के परिपेक्ष्य में 118431941.60 रुपए और कोड़ा के 1862 कृषकों को 91186 खरीदी के तहत 66656966 रुपए हुआ। इसी तरह एमसीबी जिले की बात की जाय तो 15582 कृषकों को 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपए का अंतरण किया गया ।
इसी तरह एमसीबी जिले में लगभग 49 हजार किसान करीब 46 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खेती करते हैं, जिनमें से लगभग 33,840 हेक्टेयर में धान की खेती होती है। खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को 731 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि आदान सहायता के रूप में डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।जिले के कुल 15,852 किसानों को 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपये 60 पैसे की राशि प्रदान की जा रही है। यह राशि आगामी खेती सीजन में बीज, खाद और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में सहायक सिद्ध होगी।
सरकार की नीतियां और योजनाएं
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की है। किसानों को पूर्व में 2369 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा चुका था, जबकि शेष 731 रुपये की अंतर राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी डीबीटी व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2000 में प्रदेश का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये हो गया है। श्री जायसवाल ने आगे कहा कि सरकार द्वारा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, वनाधिकार पट्टा वितरण की प्रक्रिया को गति दी गई है तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है।
खड़गवां क्षेत्र में विकास कार्य
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि खड़गवां में कृषि महाविद्यालय निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। बरदर से गिद्धमुड़ी मार्ग का विकास, उधनापुर नहर संचालन, रतनपुर, करवा अंजलि जलाशय एवं चोपन सहित कई गांवों तक जल पहुंचाने की योजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब रजिस्ट्री के लिए मनेन्द्रगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं होगी, खड़गवां में ही पंजीयन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों को प्रमाणपत्र वितरण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कृषक उन्नति योजना “धान बोनस तिहार” के अंतर्गत अनेक किसानों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



