Home छत्तीसगढ़ भरी दोपहरी गांवों में पहुंचीं कलेक्टर, स्कूल-आंगनवाड़ी का किया औचक निरीक्षण

भरी दोपहरी गांवों में पहुंचीं कलेक्टर, स्कूल-आंगनवाड़ी का किया औचक निरीक्षण

0

सुरेश मिनोचा कोरिया :  जिले के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी गुरुवार को सोनहत विकासखंड के विभिन्न गांवों के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने ग्राम मेन्ड्राकला, धनपुर और गोयनी के प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों सहित आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में उपस्थिति पंजी की जांच की और बच्चों से पढ़ाई-लिखाई को लेकर सवाल-जवाब किए।प्राथमिक शाला गोयनी में पढ़ने वाले छात्रों रुचि, करिश्मा, प्रीति, यशमति, तारामती, प्रभाकर, प्रिंस, अमित और विजयराज ने कलेक्टर को कविताएं सुनाईं।

इस दौरान कलेक्टर ब्लैकबोर्ड के पास पहुंचकर खुद शिक्षिका की भूमिका में नजर आईं और बच्चों को जोड़ व गुणा करना सिखाया। वहीं आनंदपुर मिडिल स्कूल के एक छात्र ने आत्मविश्वास के साथ 29 का पहाड़ा सुनाकर सभी को प्रभावित किया। बच्चों ने देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम भी सही-सही बताए।

निरीक्षण के दौरान शिक्षकीय कार्य में लापरवाही पाए जाने पर मेन्ड्राकला के प्रधान पाठक रमेश गुप्ता और शिक्षक विवेक साहू को कड़ी फटकार लगाई गई। कलेक्टर ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करने और पढ़ाई के स्तर की लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों को भरपेट भोजन के साथ हरी सब्जियां, दाल और रोटी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान ‘कोरिया मोदक’ लड्डू वितरण की जानकारी भी ली गई। कार्यकर्ता ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को यह लड्डू नियमित रूप से दिए जा रहे हैं।

कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने स्कूल में बने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं भोजन चखकर देखा और स्वादिष्ट भोजन तैयार करने के लिए रसोइया की सराहना भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here