Home छत्तीसगढ़ ताराशिव में गौधाम योजना का शुभारंभ, पशुधन का हुआ टीकाकरण

ताराशिव में गौधाम योजना का शुभारंभ, पशुधन का हुआ टीकाकरण

0

खरोरा : संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ जिला रायपुर एवं श्री संभु शिवा प्रिया सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में ताराशिव में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना के शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रीय खुरपका-मुंहपका रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पशुधन का टीकाकरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर के लाखासार से गौधाम योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत आज प्रदेश में 29 गौधाम की शुरुआत होगी। प्रथम चरण में 152 गौधाम बनाए जाएंगे, वहीं चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में 1460 गौधाम विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यह पहल घुमंतू और निराश्रित पशुधन के संरक्षण के साथ-साथ समाज में संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। श्री अग्रवाल ने बताया कि रायपुर जिले के अंतर्गत जिस भी ग्राम पंचायत या गांव के लोग गौसेवा के लिए अपनी इच्छा शक्ति व्यक्त करेंगे, वहां समिति का पंजीयन कर गौधाम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों को योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर उन्होंने धाराशिव में गौधाम के लिए 5 लाख रुपये की शेड निर्माण एवं रखरखाव हेतु घोषणा भी की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, सरोज चंद्रवंशी, शैल साहू, नगर पालिका तिल्दा की अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेन्द्र वर्मा, नगर पंचायत खरोरा प्रतिनिधि अनिल सोनी, उपाध्यक्ष सुमित सेन, सरपंच पूर्णिमा वर्मा, मंडल अध्यक्ष नर्सिंग वर्मा, मनोज निषाद, सोना वर्मा, चंद्रकांत साहू सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here