रायगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने अवैध कबाड़ के कारोबार पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही, रायगढ़ पुलिस द्वारा सप्ताह के भीतर शुक्रवार की शाम और सुबह अवैध कबाड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहन समेत करीब 83 लाख 52 हजार रूपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।

अवैध कबाड़ के परिवहन पर लगाये मुखबीरों के सटिक सूचना पर कल शाम थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुसौर पुलिस द्वारा आर्यन फ्यूल के सामने पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस द्वारा दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में आज सुबह थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तमनार चौक तथा महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका गया। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक 12 चक्का ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़, मशीनरी पार्ट्स आदि लोड पाया गया। वाहन चालकों से स्क्रैप एवं पेललेट्स गोली के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस प्रकार पूंजीपथरा और पुसौर थाना क्षेत्र में की गई कुल 6 कार्रवाइयों में पुलिस द्वारा 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स (कीमत लगभग 6,20,000 रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 17,32,000 रुपये) जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त अवैध कबाड़ के परिवहन में प्रयुक्त 6 वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई का विवरण —
(1) वाहन चालक मो. बादशाह (41 वर्ष), निवासी बस स्टैंडपारा बृजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) के वाहन OD 16 K 7306 (12 चक्का ट्रक) से 31 टन 220 किलो आयरन पेललेट्स, (2) वाहन चालक अशोक कुमार सेन (47 वर्ष) निवासी भिलाई जिला दुर्ग के वाहन CG 07 CA 9513 (12 चक्का ट्रक) से 25 टन लोहे का स्क्रैप, (3) वाहन चालक मो. मुख्तार (50 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन OD 23 A 7337 (12 चक्का ट्रक) से 30 टन 700 किलो आयरन गोली तथा (4) वाहन चालक मो. सलीम (35 वर्ष) निवासी सारण छपरा बिहार के वाहन CG 13 AC 8250 (10 चक्का ट्रक) से 24 टन 270 किलो आयरन पेललेट्स जब्त की गई।
पुसौर पुलिस की कार्रवाई का विवरण —
(1) वाहन चालक सरोज भोई पिता परमे भोई उम्र 44 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 18 बांदू टिकबा थाना कोतवाली बरगढ़ जिला बरगढ़ (ओडिशा) के वाहन CG 04 PB 9652 (टाटा 1512) से 11 टन स्क्रैप तथा (2) वाहन चालक कुबेर यादव पिता निताई यादव उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 मेदनीपुर सराईपाली थाना बसना जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) के वाहन CG 04 PT 2645 (टाटा 1512) से 6 टन स्क्रैप जब्त किया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
“रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”



