रायगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मुकुटमणी चौहान, निवासी लुकापारा थाना सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने दिनांक 16 मार्च को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 15 मार्च को अपनी पत्नी के इलाज हेतु जिला अस्पताल रायगढ़ आया था और अपनी काले रंग की हीरो ग्लैमर एक्स-टेक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BA 0815 को दोपहर करीब 1 बजे अस्पताल के बाइक स्टैंड में हैंडल लॉक कर खड़ा किया था। शाम करीब 6 बजे लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 120/2026 धारा 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें कुछ संदेहियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके आधार पर पुलिस ने शिव सारथी, शंकर मिंज एवं रश्मि भारद्वाज (सारथी) की पहचान कर उनके निवास स्थान टीव्ही टावर, विनोद पान ठेला के पास दबिश दी और तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 15 मार्च को अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी किया और घर में छिपाकर रखा था, ताकि बाद में बिक्री कर सकें।
आरोपी शिव सारथी के मेमोरेंडम पर चोरी की गई हीरो ग्लैमर एक्स-टेक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) बरामद कर जब्त की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक दिलीप भानू, आरक्षक राजश्री मेश्राम, उत्तम सारथी, नितेश लकड़ा, गोविंद पटेल तथा महिला आरक्षक प्रतीक्षा मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश—
“चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”
गिरफ्तार आरोपी-
1. शिव सारथी पिता स्व० सालिक राम सारथी उम्र 24 वर्ष
2. शंकर मिंज पिता कासफेर मिंज उम्र 25 वर्ष
3. रश्मि भारद्वाज (सारथी) पति शंकर मिंज उम्र 25 वर्ष तीनों टीव्ही टावर विनोद पानठेला के पास रायगढ थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़



