सुरेश मिनोचा कोरिया : जिला पंचायत के मंथन कक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने मनरेगा से उन्न्त होकर ग्रामीण विकास की नई योजना वीबीजीरामजी के कार्यों के चयन, प्रधानमंत्री आवास योजना की ग्राम वार प्रगति के साथ जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित सभी जनपद पंचायतों के मैदानी अधिकारी उपस्थित रहे।
वीबीजीरामजी मे जलसंरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता
जनपद पंचायतों से आए तकनीकी अमले और ग्राम पंचायत सचिवों को वीबीजीरामजी योजना पर निर्देशित करते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि युक्तधारा पोर्टल पर जल संरक्षण और जल संचय के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से इंट्री करें जिससे नए वित्तीय वर्ष से आगामी वर्षा ऋतु तक जल रोकने के लिए बड़ी संख्या में कार्य कराए जा सकें। साथ ही उन्होने आगामी 10 दिवस में सभी मनरेगा कार्यों के पूर्णता पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होने मनरेगा के स्वीकृत प्रगतिरत और पूर्ण हो रहे प्रत्येक कार्यों का चिन्हांकन कर उनकी आवश्यकता और प्रगति के अनुसार राज्य के निर्देशानुसार आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
डोर टू डोर कचरा कलेक्शन जरूरी
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की निरंतरता बनाए रखने के लिए सभी ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता दीदियों को पारिश्रमिक का नियमित समय पर भुगतान करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों खासकर सभी स्वीकृत सोख्ता गड्ढों के निर्माण कार्य को मार्च माह में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। जनपदों में लंबित सभी पूर्णता प्रमाण पत्र और उनके देयक 25 मार्च तक अनिवार्य रूप से जिला पंचायत में जमा कराने के निर्देश दिए गए। पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी करने के लिए निर्देशित किया गया।



