चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से हो गई है। इसके दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। देवी का यह स्वरूप बेहद सौम्य, शांत और मोहक माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी ब्रह्मचारिणी को शक्कर से बनी मिठाई बेहद प्रिय है। माना जाता है कि इस दिन शक्कर का भोग लगाने से लंबी आयु और सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है। इसलिए अगर आप भी मां ब्रह्मचारिणी को शक्कर से बनी किसी मिठाई का भोग लगाना चाहते हैं, इंस्टेंट केसरिया पनीर कलाकंद काफी अच्छा ऑप्शन है। आइए जानें इसकी रेसिपी।
सामग्री
- पनीर (ताजा और मसला हुआ)- 250 ग्राम
- कंडेंस्ड मिल्क- 200 ग्राम
- शक्कर- 2-3 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर- ½ छोटा चम्मच
- केसर के धागे- 10-12 (दूध में भीगे हुए)
- कटे हुए मेवे- पिस्ता और बादाम (सजावट के लिए)
बनाने की विधि
- सबसे पहले ताजा पनीर लें और उसे कद्दूकस कर लें या हाथों से बिल्कुल बारीक मैश कर लें। ध्यान रहे कि पनीर में बड़े टुकड़े न रहें, ताकि कलाकंद का दानेदार टेक्सचर एक समान आए।
- इसके बाद एक भारी तले की कड़ाही लें। अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क और मसला हुआ पनीर डालें। अगर आप कंडेंस्ड मिल्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो दूध को आधा होने तक गाढ़ा करें और फिर पनीर मिलाएं। अब इसमें स्वादानुसार शक्कर डालें।
- मिश्रण को मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। शक्कर पिघलने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला होगा, इसे तब तक पकाते रहें जब तक कि यह गाढ़ा होकर कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे।
- जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और केसर वाला दूध मिलाएं।
- इसके बाद एक थाली या ट्रे को थोड़े से घी से चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को इसमें निकालें और एक समान फैला दें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम छिड़कें। इसे 2-3 घंटे के लिए ठंडा होने दें, ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।
- इसके बाद इसे चौकोर आकार में काट लें और मां ब्रह्मचारिणी को भोग लगाएं।
कुछ खास टिप्स
- शुद्धता का ध्यान- भोग के लिए मिठाई बनाते समय सफाई का खास ध्यान रखें और हो तो घर के बने शुद्ध पनीर का ही इस्तेमाल करें।
- शक्कर की मात्रा- क्योंकि कंडेंस्ड मिल्क में पहले से चीनी होती है, इसलिए शक्कर सीमित मात्रा में डालें।



