दर्शन कर वापस लौट रहें और मंदिर जाने की प्रतीक्षा में खड़े श्रद्धालु हुए हादसे का शिकार

बागबाहरा/महासमुंद : रविवार को प्रसिद्ध खल्लारी स्थित सिद्ध शक्तिपीठ खल्लारी चंडी माता मंदिर में सुबह करीब 11 बजे श्रद्धालुओं को ले जा रहा रोपवे का केबल टूटने से रोपवे ट्राली नीचे गिर गई। ट्रॉली में सवार कई श्रद्धालु गम्भीर रुप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रोपवे का तार टूट जाने से कई लोग नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में कुल 17 श्रद्धालु घायल हुए हैं।आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागबाहरा पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार शुरू किया।इलाज के दौरान एक गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोपवे में अचानक झटका लगा और देखते ही देखते तार टूट गया। हादसे के समय रोपवे में कई श्रद्धालु सवार थे, जिससे बड़ी अनहोनी की आशंका और बढ़ गई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस और श्रद्धालुओं ने घटना स्थल पर पहुंच घायलों को यथासंभव मदद करने लगे। हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बागबाहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रिफर किया गया है।
ये हुए घायल
हादसे में रायपुर टिकरापारा निवासी से एक ही परिवार के रतन लाल नागेश्वर (65) हेमिन बाई पति रतन लाल नागेश्वर (62) हेमलाल नागेश्वर (38) कुलसी पति नागेश्वर (35) पूर्वी नागेश्वर (07) टिया पिता हेमलाल नागेश्वर (03) अमलेश नागेश्वर (30) इसके अलावा रायपुर दलदल सिवनी निवासी टोमेश्वरी पति उमेश साहू (36), खुमेश साहू (42), हर्ष साहू पिता खुमेश (09), राजा तालाब रायपुर निवासी ऋषभ धावड़े पिता भास्कर राव धावड़े (29), छांयाश धावड़े पिता मधुकर (16) घायल हुए है। वहीं महासमुंद स्वामी चौक निवासी गोविंद स्वामी पिता शांत स्वामी (44) आयोध्या नगर महासमुंद निवासी मानसवी पिता अनूप (12) नमीता स्वामी पति गोविंद स्वामी (48) अंशीता पिता गोविंद स्वामी (10) गम्भीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है, वहीं आयुषी साटकर पति ऋषभ धावड़े 28 साल साकिन गांधी चौक राजा तालाब की मौत हुई है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर खल्लारी मंदिर में चलने वाले रोपवे की सुरक्षा ऑडिट पर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों की माने तो पूर्व में भी ट्रॉली हवा अटक गई थी, वही नवरात्रि में पीक सीजन होने के बावजूद मशीनों की नियमित जांच नहीं की जा रही है। फिलहाल, सुरक्षा कारणों से रोपवे सेवा को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।
जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर परिजनों का ढाँढस बंधाया। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, भाजपा नेत्री श्रीमती अलका चन्द्राकर, बागबाहरा पालिका के पार्षद, सहित अन्य नेता व नागरिक मौजूद रहें।
घटना की होगी जांच: कलेक्टर
कलेक्टर विनय लंगेह ने घटना को गंभीरता से लिया है और कहा है कि घायलों का उपचार हमारी प्राथमिकता है। उक्त घटना की बारीकी से जांच कराई जाएगी ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही, निर्देश दिया गया है कि वर्तमान में घायलों के उपचार, समुचित देखभाल एवं आवश्यक सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
रोपवे संचालक कंपनी व कर्मियों पर जुर्म दर्ज
खल्लारी में हुए रोपवे हादसे के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन के निर्देशानुसार रोप-वे संचालक कंपनी रोप वे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता तथा स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल और रामेश्वर यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ (BNS) की धारा 173 के अंतर्गत सेक्शन 289 एवं 125 (a) के तहत प्रकरण कायम किया है। यह कार्रवाई हादसे में लापरवाही के आरोपों को ध्यान में रखते हुए की गई है। यह रिपोर्ट मां खल्लारी देवी ट्रस्ट, खल्लारी द्वारा दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



