कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को ममता बनर्जी के 15 सालों से स्थापित भय और भाजपा द्वारा इसे समाप्त कर बंगाली अस्मिता को पुनर्स्थापित करने, घुसपैठ को रोकने, भ्रष्टाचार को लगाम लगाने और राज्य को विकास पर लाने के भाजपा के भरोसे के बीच बताया है।
शाह ने ममता बनर्जी सरकार की विफलताओं के खिलाफ चार्जशीट (आरोप पत्र) जारी करते हुए तृणमूल के 15 वर्षों के शासन में घुसपैठ व महिला अपराधों से लेकर भ्रष्टाचार, सिंडिकेट और घोटालों के बारे में विस्तार से बताया। शाह के अनुसार, भाजपा इसके बाद घोषणा पत्र को ‘ भरोसा पत्र ‘ के रूप में जारी करेगी।
अमित शाह ने कहा कि यह चार्जशीट टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है।
टीएमसी के कुशासन में भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना बंगाल- अमित शाहउन्होंने कहा कि टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है।
शाह ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव सिर्फ बंगाल के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि पूरे देश की सुरक्षा बंगाल चुनाव के साथ एक प्रकार से जुड़ी हुई है। शाह के अनुसार यह चार्जशीट एक तरह से बंगाल की जनता द्वारा ममता बनर्जी के खिलाफ लगाया हुआ चार्जशीट है, जिसको भाजपा एक आवाज दे रही है।
तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले कभी उनका पैर टूट जाता है, कभी उनके सिर पर पट्टी बंध जाती है, कभी वह बीमार पड़ जाती हैं, और कभी वह चुनाव आयोग के सामने खड़ी होकर बेबसी का नाटक करती हैं और चुनाव आयोग को गालियां देती हैं। लेकिन मैं उन्हें यह बताने आया हूं कि बंगाल के लोग अब विक्टिम कार्ड की इस राजनीति को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है और 2026 में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी। यह चुनाव भयमुक्ति, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए है। गृह मंत्री ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा और सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल का भरोसा जीतने के लिए अमित शाह ने भाजपा के सत्ता में आने के बाद अन्य राज्यों को बदहाली से निकलकर सुशासन और विकास की ओर बढ़ने का उदाहरण दिया।
उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और असम में भाजपा की सरकार आने के बाद अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगने के साथ ही विकास की गति तेज हुई है । उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य राज्यों यह कर चुकी है और अब पश्चिम बंगाल में भी इसे दोहराया जाएगा ।



