राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद : रविवार को मन की बात के 132वें एपिसोड का श्रवण भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्राम बारूका में खेतिहर मजदूरों और किसानों के साथ सामूहिक रूप से किया। यह आयोजन बारूका के बूथ अध्यक्ष टिकेश्वर पटेल के खेत में छिंद पेड़ की छांव में बैठकर रेडियो के माध्यम से किया गया, जहां ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस दौरान नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के समसामयिक विषयों के साथ वैश्विक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, जिससे पेट्रोल-डीजल जैसी चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं, लेकिन भारत इन परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर रहा है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की एकजुटता और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति से हर संकट का सामना किया जा सकता है और इस बार भी देश इस चुनौती से सफलतापूर्वक बाहर निकलेगा।
इसके अलावा पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं, पुरुषों और सामुदायिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में ग्रामीणों द्वारा जल संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। साथ ही नागालैंड में वृक्ष संरक्षण को लेकर चल रही अनूठी पहल की भी प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे सकारात्मक और सराहनीय कार्य न केवल समाज के लिए उपयोगी हैं, बल्कि हमें उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में भी अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा आईटी सेल संभाग प्रभारी सागर मयाणी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आम नागरिकों के छोटे-छोटे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
गरियाबंद मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से आज विभिन्न रोचक और जागरूक विषयों की जानकारी मिली। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत मानिकपुरी ने मन की बात कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरक मंच है। प्रधानमंत्री के विचार आमजन में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति पिछड़ा वर्ग के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरोत्तम साहू एवं प्रतीक सहित कुंवर सिंह, रूखमणी ध्रुव, ममता सेन, लीला विश्वकर्मा, पूर्णिमा साहू, सुहादराई पटेल, रेखा कंवर, भगवती कंवर, धनेश्वरी कंवर, हिरेद्र दीवान, बुधियारीन साहू, केशर ध्रुव, मोतीन कांवर, राधिका साहू, विष्णु बाई ध्रुव, श्यामा ध्रुव एवं अंशुईया दीवान सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



