बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राज्य के सभी 38 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं गया, जमुई, नवादा, बांका, लखीसराय एवं मुंगेर जिले में अगले तीन घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है. पटना में सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन मौसम ने चिंता भी बढ़ा दी है.
कई जिलों में बारिश, बादलों का डेरा:- राज्य के गोपालगंज, बेगूसराय, रक्सौल, सासाराम, लखीसराय, खगड़िया, पश्चिम चंपारण के बगहा और मंझौलिया समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. वहीं जमुई में तेज बारिश हुई. अधिकांश जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहाना लेकिन अस्थिर बना हुआ है.
ऑरेंज अलर्ट में क्या है खतरा:- मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान वज्रपात (बिजली गिरने) और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है.
येलो अलर्ट वाले जिलों में कैसा रहेगा मौसम:- येलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. हालांकि यहां खतरा कम है, लेकिन सतर्कता जरूरी है.
अगले दो दिन तक जारी रहेगा असर:- मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह खराब मौसम अभी थमने वाला नहीं है. अगले दो दिनों तक राज्य में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं जारी रह सकती हैं. खासकर आज और कल का दिन ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है.
पटना में कैसा रहेगा हाल:- पटना में दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है. तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. अगले 1-2 दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है, हालांकि तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है. वज्रपात के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है.



