Home छत्तीसगढ़ “ऑपरेशन_प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई— 5 वाहनों से 21...

“ऑपरेशन_प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई— 5 वाहनों से 21 लाख रुपये का अवैध कबाड़ जब्त

0

अनीता गर्ग अमन पथ ब्यूरो चीफ रायगढ़ :  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन_प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर प्रभावी अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों से कुल 89.28 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है।

गौरतलब हो कि जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन के निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सघन और सुनियोजित कार्रवाई की जा रही है। इसी दिशा में 14 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के प्रमुख उद्योगों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध स्क्रैप कारोबार के विभिन्न आयामों—जैसे टैक्स चोरी, जीएसटी धोखाधड़ी, औद्योगिक इकाइयों से लोहा-तांबा चोरी तथा चोरी के माल की अवैध खरीद-बिक्री—पर एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी श्री मयंम मिश्रा, जीएसटी अधिकारी श्री मनीष मिश्रा, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा द्वारा गंभीरता से विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उद्योग प्रबंधन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी तरह से अवैध कबाड़ कारोबार का हिस्सा न बनें। वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ सामग्री का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें, जिससे अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इसी कड़ी में डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और एएसआई उमाशंकर विश्वाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग, तमनार चौक पूंजीपथरा और गेरवानी सलासर चौक क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए 4 ट्रकों को अवैध कबाड़ परिवहन करते पकड़ा और क्रमवार सघन कार्रवाई की गई।

1. अग्रोहा प्लांट के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG15EB9886 को रोककर जांच की गई, जिसमें चालक नीरज कुमार निवासी औरंगाबाद (बिहार) मौजूद मिला। ट्रक में लगभग 25 टन 510 किलोग्राम अवैध स्क्रैप कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत करीब 6.37 लाख रुपये आंकी गई, वहीं ट्रक की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कुल 11.37 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।
2. तमनार चौक, पूंजीपथरा के पास ट्रक क्रमांक CG15AC1320 को पकड़ा गया, जिसे चालक अबताब खान निवासी सरगुजा चला रहा था। वाहन में करीब 24 टन 200 किलोग्राम कबाड़ लोड था, जिसकी अनुमानित कीमत 6.05 लाख रुपये एवं ट्रक की कीमत करीब 9 लाख रुपये है। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कुल 15.05 लाख रुपये की जप्ती कर कब्जे में लिया गया।
3. महालक्ष्मी काटिंग प्रा.लि. के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG15EC9886 की जांच की गई, जिसमें चालक एम.डी. अलीम निवासी पलामू (झारखंड) मिला। ट्रक में लगभग 4 टन 950 किलोग्राम स्क्रैप कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत करीब 1.23 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कुल 8.23 लाख रुपये की जप्ती की गई।
4. गेरवानी सलासर चौक के पास छः चक्का ट्रक क्रमांक CG07CC0311 को रोककर जांच की गई, जिसे चालक शुभाष शर्मा निवासी बरगढ़ (ओडिशा) चला रहा था। वाहन में करीब 11 टन कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये एवं ट्रक की कीमत करीब 7 लाख रुपये है। कुल 9.75 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।

इन चारों मामलों में अनावेदकों द्वारा किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा पृथक-पृथक /धारा-35 (क) (ड) BNSS/ 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करते हुए अनावेदकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

5. वहीं एक अन्य कार्रवाई में गेरवानी सलासर चौक के पास ट्रक क्रमांक CG04LE9157 लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें लगभग 23 टन 620 किलोग्राम कबाड़ लोड था। मौके पर चालक अथवा वाहन स्वामी का कोई पता नहीं चलने पर संदेह के आधार पर वाहन को जप्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी की पतासाजी की जा रही है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप कुमार बेहरा, आरक्षक सुरेश सिदार, राजेश सिदार, निर्दोष लकड़ा, विनय तिवारी, ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —

“ऑपरेशन_प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार, परिवहन और संग्रहण में कार्रवाई की जारी है। उद्योगों से भी अपेक्षा है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, रायगढ़ पुलिस इस तरह के अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here