ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बीते ढाई साल से क्रिकेट और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. बाबू खेमानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में हाई‑प्रोफाइल लोगों को सट्टे में फंसाता था और करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा था. इस कार्रवाई में पुलिस ने मुंबई और गोवा में एक साथ छापेमारी कर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अब तक इस पूरे मामले में 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. चार राज्यों में फैले सट्टा नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच में करोड़ों रुपये के बैंक लेनदेन का खुलासा हुआ है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर फंसाता था ग्राहक:- बाबू खेमानी खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पेश करता था. बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने का फायदा उठाकर वह हाई‑प्रोफाइल लोगों से संपर्क करता और उन्हें ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करता था. खासतौर पर आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सट्टे का खेल चरम पर रहता था. पुलिस के मुताबिक, देशभर में फैले एजेंटों के जरिए लोगों को आईडी और पैनल बांटे जाते थे.
रायपुर से शुरू हुई थी पूरी कार्रवाई:- इस पूरे मामले का खुलासा 13 अप्रैल को तब हुआ जब रायपुर के थाना गंज क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक चारपहिया वाहन में बैठे व्यक्ति को मोबाइल फोन पर ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा गया. पूछताछ के बाद पुलिस को बड़े गिरोह की जानकारी मिली. इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने ओडिशा और महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में कार्रवाई शुरू की.



