नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित दूसरे दौर की बातचीत पर अनिश्चितता बढ़ गई है। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल इस वार्ता में शामिल होने की योजना नहीं बना रहा है। यह जानकारी ईरान की सरकारी मीडिया ने दी है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने कहा कि इस्लामाबाद में दूसरे दौर की बातचीत को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे सही नहीं हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने वार्ताकारों को पाकिस्तान भेजने का आदेश दिया है, जबकि मिडिल ईस्ट में युद्धविराम 22 अप्रैल को खत्म होने वाला है।
ईरान ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी युद्धविराम के समझौते का उल्लंघन है और इससे हालात और खराब हो रहे हैं। तेहरान का कहना है कि इन परिस्थितियों में सकारात्मक बातचीत की संभावना बहुत कम है।
‘ब्लेम गेम’ और बढ़ता तनावईरान ने अमेरिका पर ‘ब्लेम गेम’ खेलने का भी आरोप लगाया है। उसने कहा कि अमेरिका जानबूझकर यह खबर फैला रहा है कि ईरान बातचीत में शामिल होगा, ताकि उस पर दबाव बनाया जा सके।
इस बीच, अमेरिकी नाकेबंदी और एक ईरानी जहाज पर कार्रवाई ने तनाव और बढ़ा दिया है। ईरान ने चेतावनी दी है कि वह इसका जवाब देगा। सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक नाकेबंदी नहीं हटती, तब तक बातचीत संभव नहीं है।



