स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता पर जोर, जनप्रतिनिधियों ने कुपोषण मुक्त समाज का लिया संकल्प
रायगढ़, 23 अप्रैल 2026 : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज सभागार में पोषण पखवाड़ा का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य के लिए पर्यवेक्षक चेतना पटेल, दीपमाला कर एवं प्रतिमा नायक को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छह सहायिकाओं को भी उनके समर्पण, मेहनत और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि पोषण पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ किए बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने हर नागरिक, परिवार और समुदाय से इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 9 अप्रैल 2026 को 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया था, जो 9 से 23 अप्रैल तक आयोजित हुआ। इस दौरान जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रैलियों, जागरूकता अभियानों और विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। समापन समारोह में बच्चों और महिलाओं द्वारा पोषण जागरूकता पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और महिलाएं शामिल हुईं, जिनके सक्रिय सहयोग से आयोजन सफल रहा। अंत में सभी ने मिलकर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ, सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



