सुरेश मिनोचा एमसीबी : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत मुख्तियार पारा के ग्राम मुख्तियार पारा, वार्ड क्रमांक 06 (डोंगरी पारा, सोनसाय के घर के पास) में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु नलकूप खनन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। कार्य पूर्ण होते ही विभागीय टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसी स्थल पर हैंडपंप की स्थापना भी तत्काल कर दी गई।पूर्व में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय एवं श्रम की काफी हानि होती थी। विशेषकर गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी।
इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नलकूप खनन एवं हैंडपंप स्थापना का कार्य सुनिश्चित किया। नव स्थापित हैंडपंप के चालू होने से अब ग्राम मुख्तियार पारा के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल घर के समीप ही उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है, बल्कि जलजनित बीमारियों की संभावना में भी कमी आने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने विभाग की इस त्वरित एवं जनहितकारी पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



