एस एच अज़हर | अमन पथ, दंतेवाड़ा किरंदुल: NMDC किरंदुल परियोजना की बस (CG 18 N 7481) सोमवार रात करीब 11 बजे इंडियन गैस गोदाम के पास विशाल पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें लगीं। सभी घायलों को NMDC परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर लापरवाही से बस चला रहा था। डर के कारण कुछ कर्मचारी NMDC चेक पोस्ट पर ही बस से उतर गए। बस दूसरी पाली के कर्मचारियों को माइनिंग क्षेत्र से गांधीनगर ला रही थी।
गौरतलब है कि किरंदुल से माइनिंग तक 9 किलोमीटर का रास्ता घाटी वाला और खतरनाक मोड़ों से भरा है। अगर यह हादसा घाटी में होता तो बस में सवार 20-25 कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। रात में सड़क सुनसान होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। दिन में स्कूलों की छुट्टी या भीड़ के समय यह दुर्घटना बेहद भयावह हो सकती थी।



