Home छत्तीसगढ़ भारतमाला घोटाले की जांच के बीच हंगामा, ED अफसरों से धक्का-मुक्की का...

भारतमाला घोटाले की जांच के बीच हंगामा, ED अफसरों से धक्का-मुक्की का आरोप

0

रायपुर : छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े जमीन घोटाले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अभनपुर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के घर छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई है।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम जब गोपाल गांधी के ठिकाने पर जांच कर रही थी, उसी दौरान उनके पिता सत्यनारायण गांधी और भाई जय प्रकाश गांधी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की की गई और अभद्र व्यवहार किया गया।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों की ओर से लिखित शिकायत सीधे अभनपुर थाने में दी गई है। ईडी अफसरों ने अपनी शिकायत में बताया कि छापेमार कार्रवाई के दौरान गोपाल गांधी के पिता सत्यनारायण गांधी और उनके भाई जय प्रकाश गांधी ने कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। इस दौरान अधिकारियों से बदसलूकी और अभद्र व्यवहार किया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की विवेचना जारी है।

गौरतलब है कि यह पूरी कार्रवाई भारतमाला परियोजना में कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है, जिसमें पहले से ही कई ठिकानों पर छापेमारी और दस्तावेजों की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here