Home छत्तीसगढ़ ओडिशा के कालाहांडी में 4.1 तीव्रता का भूकंप, छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में...

ओडिशा के कालाहांडी में 4.1 तीव्रता का भूकंप, छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में भी कांपी धरती, लोगों में दहशत

0

गरियाबंद :  छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में बुधवार शाम आए भूकंप ने गरियाबंद समेत सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मचा दिया। भारत सरकार के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई है। इस प्राकृतिक हलचल का केंद्र ओडिशा का कालाहांडी जिला रहा, जिसकी गहराई जमीन से 24 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

गरियाबंद में मची अफरा-तफरी

देवभोग इलाके में तेज आवाज के साथ हुई भूमि कंपन से लोग सहम गए। रात 7:42 बजे करीब 3 सेकेंड तक कंपन महसूस किया गया। पड़ोसी राज्य ओडिशा में इसका असर ज्यादा रहा। तीव्रता मध्यम होने के बावजूद, ओडिशा की सीमा से लगे गरियाबंद में इसके स्पष्ट झटके महसूस किए गए।

बता दें कि देवभोग में देर शाम से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। बारिश के बाद आसमान में बिजली चमक रही थी, लेकिन इसी बीच पूरे इलाके में झटका महसूस किया गया। तीव्रता इतनी थी कि जमीन पर रखी वस्तुओं में कंपन देखा गया। किसी धमाके जैसी आवाज के साथ हुई इस हलचल से इलाके भर के लोग घबरा गए। स्थानीय सोशल मीडिया पर संभावित भूगर्भीय घटना की चर्चा भी तेज हो गई। देवभोग के अलावा अमलीदर तहसील क्षेत्र में भी इस कंपन को महसूस किया गया।

नुकसान की कोई खबर नहीं

प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। भूकंप की तीव्रता 4.1 होने के कारण इमारतों को बड़े नुकसान का खतरा कम रहता है, हालांकि सीमावर्ती गांवों में कच्ची दीवारों में हल्की दरारे पड़ने की आशंका है।

क्या कहते हैं अधिकारी

तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि दूरभाष के माध्यम से तहसील भर में कंपन की सूचना मिली है। विधिवत इसे उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर मामले को भूगर्भ विशेषज्ञों तक पहुंचाकर इसका अध्ययन कराया जाएगा।

विशेषज्ञों की सलाह

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि झटके दोबारा महसूस हों, तो भारी वस्तुओं से दूर रहें और तुरंत सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here