Home छत्तीसगढ़ रायपुर डकैती का फरार आरोपी लुक छिप कर चला रहा था ऑनलाइन...

रायपुर डकैती का फरार आरोपी लुक छिप कर चला रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खेल, रायगढ़ पुलिस की रेड में दबोचा गया कुख्यात आरोपी, सट्टा खेलने वाला युवक भी गिरफ्तार

0

रायगढ़, 4 मई 2026 : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने एक ऐसे कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पहले से दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

IPL मैच पर चल रहा था बॉल-टू-बॉल सट्टा

जानकारी के अनुसार, छाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुरकुट नदी पुल के पास IPL मैच के दौरान बॉल-टू-बॉल ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु को रंगे हाथ पकड़ लिया।

मोबाइल की जांच में सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, ऑनलाइन लेन-देन और दांव के रिकॉर्ड मिले, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

सट्टा लगाने वाला युवक भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि रूपधर पटेल नाम के युवक ने ₹1500 ऑनलाइन ट्रांसफर कर सट्टा लगाया था। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

₹82 हजार से अधिक की जप्ती

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महंगे मोबाइल फोन और नगदी सहित सट्टे से संबंधित सामग्री जब्त की है। कुल जप्त संपत्ति की कीमत ₹82,000 से अधिक बताई जा रही है।

गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड वाला आरोपी

मुख्य आरोपी चंद्रभूषण डनसेना का आपराधिक इतिहास भी बेहद गंभीर है। वर्ष 2023 में उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल भी जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने रायपुर के पंडरी क्षेत्र में डकैती की वारदात को अंजाम दिया और तब से फरार चल रहा था।

फरारी के दौरान आरोपी ओडिशा, रायपुर और रायगढ़ में छिपकर लगातार ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहा था।

जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसे अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री, शंभू पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here