Home छत्तीसगढ़ आधी-तूफान से बिजली व्यवस्था चरमराई, रातभर अंधेरे में डूबे ग्रामीण

आधी-तूफान से बिजली व्यवस्था चरमराई, रातभर अंधेरे में डूबे ग्रामीण

0

सरपंच जगत राम साहू के नेतृत्व में जनरेटर से पेयजल व्यवस्था बहाल, ग्रामीणों को मिली राहत

सकरी। (कैलाश वस्त्रकार) :क्षेत्र में आए तेज आधी-तूफान और बारिश ने ग्रामीण अंचलों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित कर दी। तेज हवाओं के चलते जगह-जगह बड़े पेड़ और डालियां टूटकर विद्युत तारों एवं खंभों पर गिर पड़े, जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति रातभर बाधित रही। अचानक बिजली बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा तथा पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि शाम से शुरू हुआ तूफान देर रात तक चलता रहा, जिसके कारण विद्युत विभाग को भी सुधार कार्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर पेड़ गिर जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। बिजली बंद होने से पानी टंकियां और मोटर पंप बंद पड़ गए, जिससे लोगों के सामने पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।

ऐसी विषम परिस्थिति में ग्राम पंचायत के सरपंच जगत राम साहू ने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता दी। सरपंच के कुशल नेतृत्व एवं सक्रिय पहल पर गांव के विभिन्न स्थानों पर जनरेटर की व्यवस्था कर मोटर पंप चालू कराए गए, जिससे लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा सका। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण युवाओं की मदद से रातभर राहत कार्य चलता रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते जनरेटर की व्यवस्था नहीं की जाती तो पेयजल संकट और अधिक गहरा सकता था। पंचायत द्वारा किए गए त्वरित प्रयासों से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को बड़ी राहत मिली। कई मोहल्लों में पानी भरने के लिए अस्थायी व्यवस्था भी बनाई गई, जिससे लोगों को दूर-दूर भटकना नहीं पड़ा।

वहीं विद्युत विभाग की टीम भी रातभर फाल्ट सुधारने में जुटी रही। विभागीय कर्मचारियों ने टूटे तारों और खंभों को दुरुस्त कर धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने सरपंच जगत राम साहू की सक्रियता और जनहित में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में पंचायत ने जिस तत्परता से कार्य किया, उससे लोगों को काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव हेतु विद्युत व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली संकट की स्थिति निर्मित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here