Home छत्तीसगढ़ पीएम इंटर्नशिप योजना: रायगढ़ में युवाओं के लिए खुले नए अवसर, जिला...

पीएम इंटर्नशिप योजना: रायगढ़ में युवाओं के लिए खुले नए अवसर, जिला प्रशासन ने तेज किया अभियान

0

सीईओ जिला पंचायत ने वीसी के माध्यम से दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

रायगढ़ जिले में 1,054 इंटर्नशिप अवसर, युवाओं को मिलेगा कम से कम 9 हजार रुपए प्रतिमाह व उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव

अनीता गर्ग अमन पथ ब्यूरो चीफ रायगढ़, 7 मई 2026 :  प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (माई भारत) के प्रभावी क्रियान्वयन रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। जिले के युवाओं को अधिक से अधिक अवसरों से जोड़ने और उन्हें बेहतर करियर की दिशा देने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर पहल की जा रही है।
इसी क्रम में आज जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र युवा तक इस योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा आई टी आई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों, जनपद एवं नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकतम युवा इसका लाभ उठा सकें।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले में वर्तमान में 1,054 इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध हैं, जो देश की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, एनटीपीसी लिमिटेड, मणप्पुरम फाइनेंस, श्रीराम जनरल इंश्योरेंस तथा गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड में प्रदान किए जा रहे हैं। इन इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं को न केवल वास्तविक औद्योगिक अनुभव मिलेगा, बल्कि उन्हें प्रति माह कम से कम 9 हजार रुपए तक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।

यह योजना विशेष रूप से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के उन युवाओं के लिए लाभकारी है, जो वर्तमान में फुल-टाइम रोजगार में नहीं हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं। विनिर्माण, ऊर्जा, खनन, वित्त, मानव संसाधन एवं संचालन जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध ये अवसर युवाओं को कौशल विकास और रोजगार की दिशा में सशक्त बनाएंगे।

जिला प्रशासन द्वारा लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक युवा इस योजना से जुड़कर अपने भविष्य को संवारें। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए युवाओं को pminternship.mca.gov.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही टोल-फ्री नंबर 1800 116 090 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here