राधेश्याम सोनवानी ,गरियाबंद :-जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप के गरियाबंद जिले के प्रवास ने सहकारिता और ग्रामीण विकास को नई ऊर्जा देने का काम किया। जिले में पहुंचने पर बैंक एवं सहकारी समिति के कर्मचारियों ने दोनों पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया। पूरे प्रवास के दौरान सहकारिता को मजबूत बनाने, किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने को लेकर गंभीर मंथन हुआ।
प्रवास के दौरान अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप ने जिले की विभिन्न सहकारी समितियों और बैंकिंग व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, ऋण वितरण प्रक्रिया को और सरल बनाने तथा सहकारी संस्थाओं को गांव-गांव तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता सिर्फ बैंकिंग व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे और अधिक प्रभावी बनाना समय की जरूरत है।
इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने महिला स्व सहायता समूह हाथबाय की महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। समूह द्वारा तैयार किए जा रहे बांस के आकर्षक उत्पादों को देखकर उन्होंने महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक महिलाओं को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।
अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों, मजदूरों और ग्रामीण हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचे, इसके लिए सहकारी बैंक और समितियों को सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी।
प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समिति अध्यक्षों और बैंक अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं एवं भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक रायपुर के अधिकारीगण, नोडल अधिकारी गरियाबंद, समस्त शाखा प्रबंधक, बैंक कर्मचारी, समिति कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



