Home छत्तीसगढ़ सड़क और पुलिया बदहाल, जनपद सदस्य ने उठाई मरम्मत और पुनर्निर्माण की...

सड़क और पुलिया बदहाल, जनपद सदस्य ने उठाई मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग

0

महासमुंद: बसना जनपद पंचायत क्षेत्र के अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क और पुलिया बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है और हर दिन हादसे का खतरा बना हुआ है। मामले में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करते हुए सड़क एवं पुलिया के शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। सिन्हा ने इस संबंध में बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल व कलेक्टर महासमुंद को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में आयोजित एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनकी नजर अंकोरी टांडा और बिरसिंगपाली के बीच स्थित जर्जर पुलिया पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सड़क और पुलिया का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि आवागमन जोखिम भरा हो गया है। रात के समय दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है तथा कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं। वर्तमान में ग्रामीण पुलिया के किनारे पत्थर रखकर जान जोखिम में डाल वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने मजबूर हैं। वहीं सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग बसना-पदमपुर मुख्य सड़क से जुड़ा क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जो ग्राम अंकोरी से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। यदि समय रहते सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो दोनों गांवों का संपर्क पूरी तरह टूटने की स्थिति निर्मित हो सकती है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी अधिकारी और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण कार्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here