31मई से 6 जून तक मनेंद्रगढ़ में लगेगा निःशुल्क “योगधारा सर्वरोग निवारण शिविर”
फिजियोथेरेपी हेतु 50/रुपए पंजीयन शुल्क
मनेंद्रगढ़- एमसीबी/पतंजलि योगपीठ के छत्तीसगढ़ प्रभारी संजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्तमान समय में समाज अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव, अनिद्रा, थायरॉइड, जोड़ों के दर्द सहित जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसी परिस्थिति में योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक जीवनशैली ही स्थायी समाधान के रूप में सामने आ रहे हैं।
इसी उद्देश्य को लेकर पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में मनेंद्रगढ़ में “निःशुल्क योगधारा – सर्वरोग निवारण शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 31 मई 2026 से 6 जून 2026 तक आयोजित होगा।
प्रातःकालीन योग सत्र सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं चिकित्सा एवं थेरेपी संबंधी सेवाएँ राजस्थान भवन एवं महाराजा अग्रसेन भवन में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
फिजियोथेरेपी हेतु 50 रुपए पंजीयन शुल्क रखा गया है
शिविर की विशेषता यह है कि यह पूर्णतः निःशुल्क जनसेवा अभियान है। इसमें योग प्रशिक्षण, नेचुरोपैथी, न्यूरोथेरेपी, नाड़ी परीक्षण, आयुर्वेद परामर्श तथा आहार परामर्श जैसी सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। साथ ही नागरिकों के लिए निःशुल्क शुगर एवं बीपी परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अनुभवी योग प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार मार्गदर्शन दिया जाएगा।
संजय अग्रवाल ने कहा कि उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों को ऐसी जीवनशैली से जोड़ना है जिससे वे भविष्य में रोगमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की संपूर्ण भारतीय पद्धति है। आज पूरा विश्व योग की शक्ति को स्वीकार कर रहा है और भारत की इस महान परंपरा को जन-जन तक पहुँचाना हम सबका दायित्व है।
इस अभियान में शहर की अनेक सामाजिक एवं सेवा संस्थाएँ सहयोग कर रही हैं। प्रेस क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स MCB, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़, नॉर्थ JKD, साउथ JKD, लायंस क्लब मनेंद्रगढ़, अधिवक्ता संघ मनेंद्रगढ़ सहित विभिन्न सामाजिक संगठन एवं नगर के जागरूक नागरिक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मीडिया के माध्यम से नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की गई कि वे इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ लें। विशेष रूप से युवा वर्ग, महिलाएँ एवं वरिष्ठ नागरिक इस अवसर का लाभ उठाकर अपने परिवार को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाएं।
प्रेस वार्ता में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला योग समिति प्रभारी सतीश उपाध्याय, रघुनाथ पोद्दार, श्याम सुंदर पोद्दार, पंकज जैन संचेती एवं संजीव ताम्रकार उपस्थित रहे।



