Home छत्तीसगढ़ शराब पीकर वाहन चलाने वालों की खैर नहीं: रायपुर में चला विशेष...

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की खैर नहीं: रायपुर में चला विशेष अभियान

0

रायपुर :राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 16 मई की रात शहर के अलग-अलग चौकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 63 नशे में वाहन चलाने वाले चालक पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 2978 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात अनुशासन बनाए रखना है।

पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देश पर एसीपी यातायात श्री सतीष ठाकुर के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक एवं पंडरी थाना के सामने विशेष चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान 41 कार, 10 मोटरसाइकिल, 7 टाटा एस, 2 मेटाडोर और 3 ट्रक चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। पुलिस ने आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था विकसित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here