जशपुर : आदिवासी समाज से जुड़े डिलिस्टिंग मुद्दे को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 24 मई को एक विशाल जनसभा और सांस्कृतिक समागम आयोजित है इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता माननीय गणेश राम भगत करेंगे।जनजातीय सुरक्षा मंच के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से लाखों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, केवल जशपुर प्रांत से ही लगभग 6,000 लोग दिल्ली पहुंचेंगे, जबकि छत्तीसगढ़ प्रांत से 15, 000 (पंद्रह हजार)तथा पूरे देश भर से लगभग10,00000(दस लाख)से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता प्रदर्शित करना है। डिलिस्टिंग के मुद्दे को लेकर जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले माननीय राष्ट्रीय संयोजक श्री गणेश राम भगत जी के नेतृत्व में लंबे समय से चल रहे आंदोलन को इस समागम के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने की तैयारी की जा रही है।
आयोजकों ने बताया कि दिल्ली में होने वाला यह समागम आदिवासी समाज की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।“24 मई – दिल्ली चलो” के नारे के साथ समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।



