Home छत्तीसगढ़ अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 वाहन जप्त

अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 वाहन जप्त

0

बेमेतरा, 21 मई 2026:- जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने हेतु कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 20 मई 2026 को खनिज अमले द्वारा बेमेतरा क्षेत्र में विशेष जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 04 वाहनों को पकड़ा गया।खनिज विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जप्त कर थाना बेमेतरा की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। जांच के दौरान वाहनों के पास वैध दस्तावेज एवं परिवहन संबंधी अनुमति नहीं पाई गई, जिसके चलते अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में कुल 1 लाख 22 हजार रुपये की अर्थदण्ड राशि निर्धारित कर प्रशमन की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं शासन को राजस्व क्षति से बचाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।

खनिज विभाग ने वाहन संचालकों एवं संबंधित कारोबारियों से अपील की है कि वे खनिज परिवहन संबंधी सभी नियमों का पालन करें तथा वैध अनुमति एवं दस्तावेजों के साथ ही परिवहन कार्य करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here