देवभोग:- गरियाबंद पुलिस कप्तान के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत देवभोग पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय गांजा तस्करों के हौसले पस्त हो गए हैं। ताजा मामले में थाना देवभोग पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट नाका ग्राम खुटनांव के पास नाकेबंदी कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ओडिशा की ओर से आ रही पिकअप से हुआ खुलासा:- प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 24 मई 2026 को थाना देवभोग पुलिस की टीम ग्राम खुटनांव स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर मुस्तैदी के साथ ‘एमसीपी’ चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक UP 64 CT 5613) को पुलिस ने रुकवाया। वाहन चालक से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राहुल पाण्डेय (पिता: चन्द्र भूषण पाण्डेय, उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम पारो लौवडीह, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
बोरियों में छिपाकर रखा था 65 लाख का गांजा:- चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप के भीतर सफेद रंग की 06 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं, जिन्हें खोलने पर भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस द्वारा तौल कराने पर जप्त गांजे का कुल वजन 130 किलो 160 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 65,08,000/- (पेंसठ लाख आठ हजार रुपए) आंकी गई है।
कुल 70.58 लाख की जप्ती, आरोपी भेजा गया जेल:- पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी (कीमत करीब 5.50 लाख रुपए) को भी जप्त कर लिया है। इस तरह कुल जप्ती का मूल्य 70,58,000/- बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर उत्तर प्रदेश खपाने के लिए ले जा रहा था।
कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज:- देवभोग पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे को सीलबंद कर जप्त किया। आरोपी राहुल पाण्डेय के खिलाफ थाना देवभोग में धारा 20(b)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर मामला विवेचना में लिया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एक नज़र में पूरी कार्रवाई:
गिरफ्तार आरोपी: राहुल पाण्डेय, पिता – चन्द्र भूषण पाण्डेय (उम्र 33 वर्ष), जिला- गाजीपुर (उत्तर प्रदेश)।
जब्त मादक पदार्थ: 130 किलो 160 ग्राम अवैध गांजा (06 सफेद प्लास्टिक बोरियों में)।
जब्त वाहन: पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 5613।
कुल जप्ती मूल्य: लगभग 70,58,000/- रुपए।
कार्रवाई टीम: थाना देवभोग पुलिस (गरियाबंद)।


