उत्तर भारत बुधवार को भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा. दिल्ली में रिज बेस स्टेशन सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सफदरजंग मौसम केंद्र में 44.5 डिग्री, आयानगर में 45 डिग्री, पालम में 44.9 डिग्री और लोधी रोड में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
अगले तीन दिन लू का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी:- मौसम विभाग ने भीषण लू और रात से समय गर्मी की स्थिति को देखते हुए अगले तीन दिन के लिए येलो अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज के लिए अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार इस झुलसा देने वाली गर्मी से अभी कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. अस्पतालों में ‘हीट स्ट्रोक’ (लू लगने) के मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है.
रोहतक का तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस:- पंजाब और हरियाणा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे. हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के बठिंडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। चंडीगढ़ में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है.
तेलंगाना में तेजी से बढ़ रहा तापमान:- तेलंगाना में भी तापमान तेजी से बढ़ा और जगतियाल जिले के ऐलापुर में 45.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि नलगोंडा और निर्मल जिलों में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने का पूर्वानुमान जताया है.



