Home छत्तीसगढ़ छोटे शहर से बड़े सपनों तक: गरियाबंद के ‘बॉबी’ ने OTT की...

छोटे शहर से बड़े सपनों तक: गरियाबंद के ‘बॉबी’ ने OTT की दुनिया में बनाई पहचान, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने किया सम्मानित

0

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ते देखना हमेशा गर्व का विषय होता है और जब कोई युवा छोटे शहर से निकलकर मुंबई की चमकती दुनिया में अपनी पहचान बनाने लगे, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही एक गौरवपूर्ण पल तब देखने को मिला जब गरियाबंद के उभरते कलाकार अमन तिवारी उर्फ ‘बाबी’ का पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने अपने निज निवास पर सम्मान किया।

पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने अमन तिवारी को भगवान गणपती की प्रतिमा
, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और लगातार सफलता की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी छोटे जिले या ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की मनोरंजन नगरी मुंबई तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण व्यक्ति को बड़ी पहचान दिलाता है।उन्होंने कहा कि अमन तिवारी की उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे गरियाबंद जिले की उपलब्धि है। आज के समय में जब युवा अक्सर सीमित अवसरों की बात करते हैं, ऐसे में बाबी जैसे कलाकार यह साबित कर रहे हैं कि अगर प्रतिभा के साथ निरंतर प्रयास हो तो मंजिल कहीं भी बनाई जा सकती है।

पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि गरियाबंद जैसे क्षेत्र से निकलकर मुंबई और OTT प्लेटफॉर्म तक सफर तय करना वास्तव में काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि बाबी की यह सफलता आने वाले समय में जिले के हजारों युवाओं को प्रेरित करेगी कि वे भी अपनी प्रतिभा को पहचानें और बड़े सपने देखने से न डरें।
आज मनोरंजन जगत में अवसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन वहां टिकने के लिए प्रतिभा, अनुशासन और लगातार मेहनत की जरूरत होती है। अमन ने शुरुआती दौर में ही जो पहचान बनाई है, वह बताती है कि उनका भविष्य उज्ज्वल है और आने वाले समय में वे बड़े मंचों पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

वर्तमान में अमन तिवारी उर्फ बाबी मुंबई और दिल्ली में अपनी आगामी वेब सीरीज़ “रेंट वाला घर” की शूटिंग में व्यस्त हैं। लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम करते हुए उनका अगला लक्ष्य बड़े बैनर की फिल्मों में अपनी मजबूत पहचान बनाना है। जिस गति से वे आगे बढ़ रहे हैं, उसे देखकर मनोरंजन जगत में उनके लिए संभावनाएं लगातार बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

इस मौके पर गरियाबंद के वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानेश तिवारी ने बेटे की सफलता पर भावुक होते हुए अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं करना चाहिए बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने हमेशा अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ ड्रामा, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

ज्ञानेश तिवारी ने कहा कि हर बच्चे की अपनी अलग रुचि और पहचान होती है। माता-पिता का काम केवल दिशा देना है, दबाव बनाना नहीं। जब बच्चों को उनकी पसंद के अनुसार आगे बढ़ने दिया जाता है और परिवार का समर्थन मिलता है, तब वे अपनी वास्तविक क्षमता तक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि आज बाबी की सफलता इसी सोच का परिणाम है, जिसने यह साबित कर दिया कि जुनून को सही दिशा और परिवार का साथ मिले तो छोटे शहर का युवा भी बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेर सकता है।

गरियाबंद जैसे छोटे जिले से निकलकर OTT प्लेटफॉर्म तक पहुंचना सिर्फ एक कलाकार की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक संदेश है—सपने बड़े देखो, मेहनत करो और अपनी पहचान खुद बनाओ।

अब सभी की नजर उनकी आने वाली वेब सीरीज़ “रेंट वाला घर” पर टिकी है। देखने वाली बात होगी कि क्या बाबी आने वाले समय में OTT की दुनिया के नए चमकते सितारे बनकर उभरते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here