बच्चों को सपने साकार करने के लिए मेहनत की दी सीख
कोरिया : कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव आज बैकुंठपुर के तलवापारा स्थित बालगृह (बालक) में जन्म दिन मनाया और न्यौता भोज कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद और बालगृह में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि वे कौन-कौन से खेल खेलते हैं। बच्चों ने बताया कि वे नियमित रूप से क्रिकेट, शतरंज, वॉलीबॉल और योगाभ्यास करते हैं। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि कौन-से विषय उन्हें कठिन या सरल लगते हैं और बड़े होकर वे क्या बनना चाहते हैं। इस पर बच्चों ने भाला फेंक खिलाड़ी, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की इच्छा जताई।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने बच्चों को बताया कि उन्होंने भी सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल पढ़-लिखकर बड़ा व्यक्ति बनना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनकर अपने सपनों को साकार करना है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कठिन मेहनत के साथ विनम्र व्यवहार और सहयोग की भावना भी जरूरी है।उन्होंने बच्चों को गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों से नहीं घबराने, बल्कि उन्हें मेहनत से सीखने और समझने की सलाह दी।
कलेक्टर ने कहा कि जीवन में सीखा गया हर ज्ञान और हुनर किसी न किसी समय उपयोगी साबित होता है। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला, विज्ञान, संगीत, नृत्य और योग जैसी गतिविधियों में भी रुचि लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
कलेक्टर ने समय के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को समय का सदुपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि एक बार बीता हुआ समय वापस नहीं आता, इसलिए हर पल का सही उपयोग करना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ योगाभ्यास प्रस्तुत किया तथा सामूहिक गान भी सुनाया। इस अवसर पर बच्चों को पौष्टिक भोजन और फल वितरित किए गए। न्यौता भोज कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



