कोरबा: जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते एक कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ACB की टीम ने सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की घूस लेते दबोचा।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसकी शिकायत मिलने पर बिलासपुर ACB की टीम ने जाल बिछाया और समाधान शिविर में ही कार्रवाई को अंजाम दिया।बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने अचानक शिविर में दबिश दी और आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई से शिविर में हड़कंप मच गया। फिलहाल आरोपी कर्मचारी को कोषा विभाग में रखकर पूछताछ की जा रही है। ACB की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी खलबली मच गई है।
रायगढ़ : किसान से रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसीलदार कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दबिश दी और रिश्वत लेते लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के नाम पर 60 हजार रुपए की मांग की गई थी। मामले की शिकायत एसीबी से की गई थी।
शिकायत मिलते ही एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत का लेन-देन करते रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी तुलाराम पटेल शिक्षक पद पर कार्यरत है और छाल तहसील में लिपिक के रूप में अटैच था। एसीबी टीम शिकायतकर्ता भानुप्रताप पटेल के साथ मौके पर पहुंची थी, जहां कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल एसीबी की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



