कल होगा मतदान,कुल 3,766 मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग

अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : नगर पंचायत पलारी में कल 01 जून को मतदान होना है।शनिवार शाम प्रचार प्रसार के अंतिम दिन दोनों दलों के प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी।पूरी ताकत झोंक दी।भाजपा के पक्ष में डिप्टी सीएम अरुण साहू ने बड़ी सभा की जहां हजारों लोगों की उपस्थिति रही।भाजपा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लखन लाल गुरूपंच के समर्थन में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा,अरुण साव से लेकर कांकेर सांसद भोजराज नाग ,अनुज शर्मा की बड़ी जनसभाओं से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल हैं और संगठन के कई बड़े नेता लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराते नजर आए।वहीं कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बड़ी सभा हो गई हैं।जिसमें हजारों लोगों की मौजूदगी की बड़ी चर्चा हैं।
नगर पंचायत पलारी चुनाव को लेकर भाजपा बेहद गंभीर नजर आ रही है पार्टी कार्यकर्ता वार्ड में जाकर जनसंपर्क, नुक्कड़ सभाएं और आमसभाओं के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया है।चुनाव का कमान जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख के हाथों में है जिनके कुशल नेतृत्व में चुनाव का संचालन हो रहा हैं।भाजपा नेताओं का दावा है कि नगर पंचायत पलारी में भाजपा की सरकार बनने पर पानी, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनावी मैदान में सक्रिय है कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा सहित अन्य नेता भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए जनता के बीच पहुंच रहे हैं और अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रहे हैं क्यों कि लगातार इस क्षेत्र में तीसरी बार कांग्रेस के विधायक है दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।
फिलहाल पलारी में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। नुक्कड़, बाजारों और चाय पर भी चुनावी चर्चाएं जोरों पर हैं हालांकि मतदाता अब केवल वादों से नहीं, बल्कि क्षेत्र में हुए वास्तविक विकास कार्यों के आधार पर अपना फैसला करने की बात कह रहे हैं अब देखना यह होगा कि मतदाता नगर पंचायत कि कुर्सी पर किसको बैठाती है l
कल 01 जून को होगा मतदान
नगर पंचायत पलारी में नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत अध्यक्ष और 15 पार्षदों के चुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार का निर्वाचन बेहद खास होने जा रहा है, क्योंकि पूरे नगर पंचायत में मतदान संपन्न कराने की कमान पूरी तरह से महिला मतदान कर्मियों के हाथों में सौंपी गई है।
निर्वाचन को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि सभी केंद्रों के लिए पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 और 3 के पदों पर केवल महिला अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। चुनाव कार्य के लिए कुल 15 मुख्य मतदान दल गठित किए गए हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 3 अतिरिक्त (रिजर्व) मतदान दलों को भी तैयार रखा गया है।
नगर पंचायत पलारी में कल 01 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान सम्पन्न होगा। पलारी नगर पंचायत में इस बार कुल 3,766 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें 1,912 महिला मतदाता और 1854 पुरुष मतदाता शामिल हैं। सुरक्षा और सुव्यवस्थित मॉनिटरिंग के लिए पूरे 15 मतदान केंद्रों को 2 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। दोनों ही सेक्टरों में कानून व्यवस्था और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आज 31 मई को प्रातः 8:00 बजे से स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से मतदान सामग्री का वितरण शुरू किया जाएगा। सामग्री प्राप्त करने के बाद, प्रशासन द्वारा तैयार किए गए विशेष रूट चार्ट के अनुसार सभी मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए बसों और वाहनों के माध्यम से रवाना होंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण और भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है।



