कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने दिए निर्देश, योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
कोरिया: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने किसानों के एग्रीस्टेक पंजीयन को प्राथमिकता देते हुए कृषि एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सरकारी भूमि पर निवासरत पात्र लोगों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकाय 15 अगस्त 2026 के पहले तक सर्वे कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट संचालक भू-अभिलेख को भेजें, ताकि पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर पट्टा वितरण की कार्यवाही शुरू की जा सके। इसके लिए नगरीय निकाय और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया जाएगा।
पीएम स्वनिधि शिविरों के माध्यम से बढ़ेगा वित्तीय समावेशन
कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में ऋण स्वीकृति एवं वितरण, यूपीआई पंजीयन, क्यूआर कोड सुविधा तथा डिजिटल भुगतान सेवाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा बीमा एवं श्रमिक पंजीयन जैसी योजनाओं से अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल भुगतान के प्रति भी लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
खेत बचाओ अभियान’ के प्रचार-प्रसार पर जोर
बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान मिट्टी की उर्वरा शक्ति को संरक्षित रखने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों को मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खाद एवं वर्मी कम्पोस्ट के प्रयोग तथा नैनो उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही नकली कीटनाशकों की पहचान के संबंध में भी किसानों को जागरूक करने को कहा। कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग को इस संबंध में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का आधार अपडेट कराने के निर्देश
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, निशक्तजन पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों का आधार अपडेट कराने और समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए समाज कल्याण विभाग, जनपद पंचायत एवं एलडीएम को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा, दिव्यांग बुजुर्ग की समस्या का तत्काल समाधान करने कहा
बैठक में जल जीवन मिशन एवं हर घर जल योजना के कार्यों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान ग्राम अकलासरई के बुजुर्ग एवं दिव्यांग समारू राम द्वारा पेयजल समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जनपद पंचायत के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सीएम जनदर्शन, पीएम पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आवेदकों को की गई कार्यवाही की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



