राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. खो नागोरियां थाना क्षेत्र की एक रिहायशी कॉलोनी में अवैध रूप से संचालित की जा रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि लंबे समय तक लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं. हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए.
धमाकों से मची अफरा-तफरी:- जानकारी के मुताबिक, खो नागोरियां थाना क्षेत्र के एक मकान में अवैध तरीके से पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था. अचानक फैक्ट्री में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. पटाखों में विस्फोट होने से लगातार तेज धमाके होते रहे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
हादसे में 7 लोगों की मौत:- स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही कई फायर गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि गंभीर रूप से झुलसे घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है.
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री:- प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि यह पटाखा फैक्ट्री रिहायशी कॉलोनी के बीच अवैध रूप से संचालित की जा रही थी. ऐसे संवेदनशील कार्य के लिए जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे. कलेक्टर संदेश नायक और अन्य अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की.
जांच में जुटा प्रशासन:- पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री के संचालन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.



