अनूपपुर/कोतमा : कपिलधारा क्षेत्र के समीप संचालित कोयला साइडिंग से फैल रहे धूल प्रदूषण और पर्यावरणीय नियमों के कथित उल्लंघन के विरोध में 08 2026 सोमवार को युवा समाजसेवी राहुल द्विवेदी के नेतृत्व में युवाओं ने उप तहसील बिजुरी पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की जांच, प्रभावी कार्रवाई तथा प्रदूषण नियंत्रण के ठोस उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कोयला साइडिंग से लगातार उड़ रही कोयले की धूल के कारण आसपास के रहवासी, दुकानदार, राहगीर और आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। धूल की काली परत घरों, दुकानों, वाहनों और सड़कों पर जम रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, एलर्जी तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ते धूल प्रदूषण के कारण क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है और जनजीवन पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
युवाओं ने आरोप लगाया कि कोयला साइडिंग परिसर एवं कोयला परिवहन मार्गों पर पर्याप्त जल छिड़काव नहीं किया जा रहा है। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक पर्यावरणीय उपायों और मानकों का प्रभावी पालन नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। युवाओं ने प्रशासन से कार्यवाही की मांग की है।



