Home छत्तीसगढ़ पुरुषोत्तम मास की त्रयोदशी पर मां नर्मदा में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई...

पुरुषोत्तम मास की त्रयोदशी पर मां नर्मदा में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की पुण्य डुबकी

0

अनूपपुर :धार्मिक एवं आध्यात्मिक राजधानी कही जाने वाली पवित्र नगरी अमरकंटक में पुरुषोत्तम मास, ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष त्रयोदशी एवं कृतिका नक्षत्र के दुर्लभ पावन संयोग तथा शिव चतुर्दशी व्रत पर शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। पतित-पावनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के पावन तटों पर हजारों भक्त-श्रद्धालुओं ने स्नान, ध्यान, पूजन एवं अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रातः काल ब्रह्ममुहूर्त से ही रामघाट, कोटितीर्थ, गांधी कुंड, पुष्कर बांध एवं आरंडी संगम सहित विभिन्न नर्मदा तटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी थीं। सुबह चार बजे से प्रारंभ हुआ स्नान का क्रम संध्या तक निरंतर चलता रहा। महिलाओं द्वारा पारंपरिक मंगल गीतों एवं भजनों का गायन किया गया, वहीं अनेक श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए मां नर्मदा की महिमा का गुणगान करते दिखाई दिए। पूरा वातावरण “नर्मदे हर” के जयघोष से गुंजायमान रहा। पुण्य स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा से प्रार्थना की कि सभी जन यशस्वी, स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखी रहें तथा जीवन में मनोवांछित फल की प्राप्ति हो।

अनुमानतः 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं ने इस पावन अवसर पर अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा में स्नान एवं दर्शन का लाभ प्राप्त किया। इसके साथ ही कपिलधारा, दूधधारा, सोनमूड़ा, माई की बगिया तथा जालेश्वर धाम जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की उल्लेखनीय भीड़ बनी रही।”नर्मदे हर” के जयघोष के साथ अमरकंटक में उमड़ी आस्था की यह विराट धारा एक बार फिर सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मां नर्मदा के प्रति जन-जन की अटूट श्रद्धा का सजीवता का प्रमाण बन रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here