कोरिया : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कटगोड़ी नौगई तिहरे हत्याकांड के मृतक परिवार से मिलने बैकुंठपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, ये हत्याकांड षड्यंत्र से प्रेरित है और पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बुलडोजर वाले बयान पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा, पहले खुद का विभाग संभाल लें, स्कूल खुल गए बस्ता किताबें बटी नहीं है और बुलडोजर चलाने चले हैं।
पुलिस अधिकारियों का तबादला कर नए सिरे से करें जांच : बघेल
क्षेत्रीय विधायक को लेकर भूपेश ने कहा कि सत्ता की चमक दमक में सरकार के नेता संवेदनाएं भूल चुके हैं। पुलिस की पूरी कार्यप्रणाली संदिग्ध है। तत्काल जिले के सारे पुलिस अधिकारियों का तबादला करके इस हत्याकांड की नए सिरे से जांच की जानी चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक गुलाब कमरो और अंबिका सिंहदेव मौजूद रहे।
मृतक के परिजनों ने कहा – भूपेश है तो भरोसा है
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मृतक के परिजनों से भेंट किया। घटना पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।पीड़ित परिवार ने भूपेश बघेल से खुद पर घटी घटना को पुलिस की लापरवाही बताते हुए अब तक की पूरी कार्रवाई बताई। साथ ही घटना की सीबीआई जांच सहित बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार ने कहा, भूपेश है तो भरोसा है, दाऊ हमें आपसे बहुत उम्मीदें हैं।
जानिए कौन थे भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह
मृतक भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह बैकुंठपुर-सोनहत क्षेत्र के रसूखदार और प्रभावशाली व्यक्ति थे। वे सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके थे। पहले वे पूर्व मंत्री रामचंद्र सिंहदेव के करीबी थे, वर्तमान में भाजपा से जुड़े थे। क्षेत्र में उनका खासा राजनीतिक प्रभाव था। लल्ला सिंह बड़े ठेकेदार थे और क्रशर का कारोबार भी चलाते थे। उनके भतीजे को हाल ही में रेत का ठेका मिला था, जिसे लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था।



