राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- पूर्व केंद्रीय मंत्री,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मंगलवार को गरियाबंद जिले के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में स्थानीय तिरंगा चौक पर आतिशबाजी, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच भव्य स्वागत किया।पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. महंत ने बताया कि उनका यह दौरा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति एवं कार्ययोजना पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “बरसात के मौसम में तो पक्षी के घोंसले तक नहीं उजाड़े जाते,लेकिन सरकार ने गरीबों के आशियाने तोड़ दिए।यह बेहद दुखद और अमानवीय घटना है।”डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि गरीबों के मकान तोड़ने के पीछे सरकार की मंशा उस जमीन का उपयोग विधायक और अधिकारियों को लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा और प्रभावित गरीब परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी।उन्होंने बताया कि गरियाबंद प्रवास के दौरान उनका बिन्द्रानवागढ़ विधायक से पारिवारिक भेंट-मुलाकात का भी कार्यक्रम निर्धारित है।
डॉ. महंत के स्वागत एवं कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी,कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।उनके बयान के बाद नकटी गांव का मुद्दा एक बार फिर जिले की राजनीति के केंद्र में आ गया है।



