तखतपुर :तखतपुर थाना क्षेत्र में देर रात मुख्य सड़क पर धारदार फरसा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कर्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा की मुख्य सड़क पर एक युवक हाथ में धरदार फरसा लेकर लहरा रहा है, जिससे आसपास के लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी सतकुमार खाण्डे पिता खोर खाण्डे (25 वर्ष) निवासी ग्राम नवापारा जरौधा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी धरदार फरसा रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से धरदार फरसा जब्त किया और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जरूरी कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को थाना तखतपुर के प्रभारी पर्यवेक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में अंजम दिया गया। कार्रवाई में पुलिस टीम के जवानों ने त्वरित और सत्तारता के साथ कार्य करते हुए संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कर्रवाई की जाएगी।



