Home छत्तीसगढ़ दिव्यांगजनों को विधायक रेणुका सिंह की आर्थिक सहायता

दिव्यांगजनों को विधायक रेणुका सिंह की आर्थिक सहायता

0

अंत्योदय की भावना को साकार कर रहीं विधायक रेणुका सिंह, 100 से अधिक दिव्यांगजनों को मिली आर्थिक सहायता

 

एमसीबी :  भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्रीमती रेणुका सिंह ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक चिन्हित दिव्यांगजनों को अपने स्वेच्छानुदान मद से प्रति हितग्राही 5,000 रुपयों की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग सुनिश्चित करना है।इस अभियान के तहत भरतपुर विकासखंड के भगवानपुर, भरतपुर, बेलगांव, बहरासी, बेला, चिडौला, जनकपुर सहित लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों के दिव्यांग हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित की जा रही है। विधायक का कहना है कि यह सहयोग दिव्यांगजनों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी संबल देगा।

विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ वे समय-समय पर दिव्यांगजनों, गरीब परिवारों, महिलाओं, किसानों और अन्य जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिये लगातार प्रयास करती रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की “अंत्योदय” की विचारधारा यानी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सहायता पहुंचाने के संकल्प को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। स्वेच्छानुदान मद से दी जा रही यह सहायता उसी जनकल्याणकारी सोच का हिस्सा है ताकि शासन की योजनाओं के साथ व्यक्तिगत सहयोग भी वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

सहायता प्राप्त करने वाले दिव्यांग हितग्राहियों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। भगवानपुर निवासी लालबहादुर साहू ने कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके जैसे दिव्यांगजनों के लिये बड़ी राहत है और इससे दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलेगी। बरेल निवासी अनुज प्रताप चेरवा ने विधायक की संवेदनशील सोच की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति उनकी चिंता प्रेरणादायक है वहीं बेला निवासी धंसु अहिरवार ने कहा कि यह सहयोग आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग परिवारों के लिये संबल साबित होगा और विधायक द्वारा आत्मीयता के साथ की गई मदद के लिये वे हृदय से कृतज्ञ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here