Home छत्तीसगढ़ 50 किलोमीटर की साइकिल राइड से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,मार्ग में...

50 किलोमीटर की साइकिल राइड से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,मार्ग में किये सीड्स बॉल थ्रो

0

मनेन्द्रगढ़ : पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट” अभियान के तहत पर्यावरण प्रेमी और साइकिलिस्ट सतीश कुमार द्विवेदी ने रविवार को मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़) से मध्यप्रदेश के कोतमा तक लगभग 50 किलोमीटर की साइकिल राइड कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में उपयुक्त और खाली स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के सीड्स बॉल थ्रो कर प्राकृतिक हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया।
राइड के दौरान सतीश द्विवेदी ने वर्षा ऋतु का लाभ उठाते हुए ऐसे स्थानों का चयन किया जहां बीजों के अंकुरित होने की संभावना अधिक हो। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक पौधों का प्राकृतिक रूप से विकास कर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि वे हर वर्ष वर्षा ऋतु में नियमित रूप से साइकिल राइड के साथ सीड्स बॉल थ्रो अभियान चलाते हैं।

यह अभियान केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने और लोगों को प्रकृति से जोड़ने का एक प्रयास है। द्विवेदी ने बताया कि इससे पहले शनिवार को भी उन्होंने करीब 29 किलोमीटर की साइकिल राइड कर विभिन्न स्थानों पर सीड्स बॉल थ्रो किये थे। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में साइकिल चलाने की आदत अपनाये और पर्यावरण संरक्षण के लिये छोटे-छोटे कदम उठाये तो प्रदूषण कम करने के साथ साथ धरती को अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा की हमारा उद्देश्य है कि हम साइकिल चलाकर स्वयं भी स्वस्थ रहें और पर्यावरण को भी सुरक्षित रखें। आज प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हर नागरिक अपने हिस्से का छोटा सा योगदान भी दे तो उसका सकारात्मक प्रभाव आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि सतीश कुमार द्विवेदी पिछले कई वर्षों से “फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट” अभियान के माध्यम से साइकिलिंग, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की मुहिम चला रहे हैं। उनका यह अभियान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ साथ प्रकृति संरक्षण के लिये भी प्रेरित कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here