राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार ‘वशिष्ठ’ ने जिला संयोजक श्री पन्नालाल देवदास, सह-संयोजक श्री अशोक मिश्रा, केसर कुमार निर्मलकर, राजेन्द्र सिंह परिहार, सदस्य श्रीमती गीता पटेल एवं श्री हेमकुमार के साथ राजिम नगर के प्रमुख चौकों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण किया। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती संध्या वर्मा से भेंट कर प्रदेश कार्यसमिति की ओर से नगर के प्रमुख चौकों के नामकरण संबंधी प्रस्ताव सौंपा।
प्रस्ताव में जनभावनाओं एवं नगर के समग्र हित को दृष्टिगत रखते हुए सिविल लाइन चौक (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष स्थित चौक) का नाम “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक” तथा वर्तमान बाज़ार चौक का नाम “पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक” रखने का आग्रह किया गया। प्रो. (डॉ.) संजीव कर्मकार ‘वशिष्ठ’ ने कहा कि राष्ट्रनिर्माताओं के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा देने के साथ-साथ नगर की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय पहचान को भी सुदृढ़ करेगा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर पालिका जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगी।



