मध्य पूर्व में जारी ईरान संघर्ष का असर अब भारत के सॉफ्ट ड्रिंक बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है. वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण कोका-कोला ने भारत में डाइट कोक (Diet Coke) की कीमत 10% से ज्यादा बढ़ा दी है. कंपनी को अब पहले की तुलना में बड़े और महंगे एल्युमिनियम कैन दक्षिण-पूर्व एशिया से मंगाने पड़ रहे हैं. इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ा है.
300 मिली की जगह आया 330 मिली का नया कैन:- भारत में डाइट कोक आमतौर पर 300 मिलीलीटर के एल्युमिनियम कैन में 40 रुपये में बेची जाती थी. लेकिन छोटे कैन की कमी के कारण कंपनी ने अब 330 मिलीलीटर का नया कैन 50 रुपये में बाजार में उतार दिया है. प्रति मिलीलीटर कीमत के हिसाब से देखें तो ग्राहकों को अब करीब 13.6% अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है. हालांकि, कोका-कोला ने अब तक इस मूल्य वृद्धि की आधिकारिक घोषणा नहीं की है और कंपनी की ओर से इस विषय पर कोई टिप्पणी भी नहीं की गई है.
कांच की बोतल में भी शुरू हुई बिक्री:- सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के भारत में मौजूद एक बॉटलिंग पार्टनर ने सीमित समय के लिए 200 मिलीलीटर की कांच की बोतल में भी डाइट कोक की बिक्री शुरू की है. हालांकि, इसकी कीमत कैन वाले विकल्प के मुकाबले ज्यादा बताई जा रही है. यह कदम बाजार में उत्पाद की उपलब्धता बनाए रखने के लिए उठाया गया है.
डाइट कोक की कमी बनी कारोबार का मौका:- पिछले कुछ महीनों में डाइट कोक की कमी का फायदा कई पब और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी उठाया. उन्होंने विशेष “डाइट कोक पार्टियों” का आयोजन शुरू किया, जहां प्रवेश शुल्क लेकर लोगों को डाइट कोक, संगीत और अन्य मनोरंजन का अनुभव दिया गया. इससे साफ है कि वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाओं का असर अब रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पादों और उनकी कीमतों तक पहुंच चुका है.



