पेनाल्टी शूटआउट में फुटबॉल क्लब चिरमिरी को हराया, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विजेता-उपविजेता टीमों को किया सम्मानित।
चिरमिरी : एमसीबी जिले के चिरमिरी स्थित डोमनहिल के अमर कुंज क्रीड़ा मैदान में आयोजित विधायक कप रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में शारदा इलेवन और फुटबॉल क्लब चिरमिरी के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल कर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में शारदा इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि चिरमिरी महापौर राम नरेश राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में विजेता शारदा इलेवन को ₹21 हजार की नगद पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता फुटबॉल क्लब चिरमिरी को ₹15 हजार की नगद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा और फाइनल मुकाबले ने खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
महापौर राम नरेश राय ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि चिरमिरी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, श्रीपत राय, रीत जैन, एमआईसी सदस्य, प्रतियोगिता समिति के सभी सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। विधायक कप रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का समापन उत्साह, खेल भावना और दर्शकों की जोरदार तालियों के बीच संपन्न हुआ।



